सड़क हादसे में एक किशोर की मौत, चार अन्य हादसों में ११ लोग हुए घायल

Must read

नई दिल्ली। राजधानी के पांच अलग-अलग इलाकों में हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि ११ लोग घायल हो गये। घायलों को फौरन ही नजदीक के अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां कुछ लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार प्रेम(१२) नामक किशोर अपने परिजनों के साथ मयूर विहार इलाके में यमुना के किनारे रहता है। उसके पिता यमुना के किनारे खेतीबाड़ी का काम करते हैं। शुक्रवार की रात प्रेम रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने प्रेम को हिट कर दिया। इस हादसे में प्रेम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि टक्कर मारने वाली कार बीएमडब्ल्यू थी। दूसरी घटना न्यू दिल्ली रेंज स्थित बोट क्लब के पास की है जहां एक दो कारों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गये। घायलों को फौरन ही राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है। तीसरी घटना रोहिणी के विश्राम चौक की है जहां दो कारों की आपसी भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गये। घायलों को नजदीक के अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। चौथी घटना बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में सामने आई है जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से इरशाद नामक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल इरशाद को संजय गांधी हॉस्पिटल में दाखिल करा दिया है। वहीं बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक अज्ञात वाहन ने श्रीपाल नामक युवक को रौंद दिया। गंभीर हालत में उसे संजय गांधी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

 
- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article