सामूहिक दुष्कर्म के बाद साइको किलर ने की तीन किशोरियों की हत्या

Must read

सामूहिक दुष्कर्म के बाद साइको किलर ने की तीन किशोरियों की हत्या

-पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

कौशाम्बी। कौशाम्बी में भी दिल्ली की तरह साइको किलर का खौफ छाया हुआ है। एक हफ्ते में साइको किलर ने तीन किशोरियों को मौत के घाट उतार दिया। आबरू लूटने के बाद मौत का खेल खेलने वाला दरिंदा फिलहाल पकड़ से दूर है। तीसरी हत्या शुक्रवार को हुई। पुलिस कर रही मामले की जांच। 

  जानकारी के अनुसार फतेहपुर के धाता की रहने वाली एक किशोरी की लहू-लुहान लाश कौशाम्बी के महेवाघाट में मिली। किशोरी के हाथ-पैर बांधकर शव को नहर में फेंका गया था। इससे पहले दो किशोरियों की हत्या कर लाश फूंकी गई थी। हर मामले में बलात्कार के बाद हत्या की बात सामने आ रही है। तीन किशोरियों के कत्ल से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना है।  महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव के समीप नहर में शुक्रवार सुबह एक किशोरी की लाश देख हंगामा मच गया। शव की शिनाख्त किशुनपुर गांव की रहने वाली सुनीता (12) पुत्री गंगा प्रसाद के रूप में हुई। किशोरी के सिर में गहरे जख्म थे। पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी खरोंच के निशान थे। उसके हाथ भी बांधे गए थे। शव की हालत देखकर लोग किशोरी के साथ मनमानी होने की आशंका भी जाहिर कर रहे थे।

   सीओ सिटी शंभूनाथ राय ने घरवालों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतेहपुर-कौशाम्बी की सीमा में हफ्तेभर के भीतर बेरहमी से कत्ल करके फेंकी गई यह तीसरी किशोरी की लाश है। पइंसा क्षेत्र के जेहिदपुर गांव में 17-18 साल की किशोरी की अधजली लाश मिली थी। वहीं शनिवार को धाता-पइंसा के सीमावाले गांव जाम में एक किशोरी खेत में आग का गोला बन गई थी, जिसकी कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई थी। कौशाम्बी के एसपी अनिल दास का कहना है कि तीन में से दो लड़कियां फतेहपुर के धाता क्षेत्र की हैं। हत्या कर शव कौशाम्बी में फेंका गया। एक हफ्ते में तीन किशोरियों की हत्या गंभीर मामला है। पुलिस सच्चाई खंगालने में गंभीरता से जुटी हुई है। 

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article