दिल्ली महिला आयोग ने यूपी के लखीमपुर खीरी से 13 वर्षीय लड़की को रेस्क्यू करवाया

Must read

– अपहरणकर्ता लड़की को कई स्थानों पर ले गया और उसके साथ कई बार बलात्कार किया गया

नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक 13 वर्षीय लड़की का रेस्क्यू करवाया है। लड़की की मां ने अपनी 13 साल की बेटी के अपहरण की शिकायत आयोग में दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का 21.जुलाई 2021 को दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में उसके स्कूल के पास से अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में फतेहपुर बेरी थाने में दिनांक 22 जुलाई 2023 को धारा 363 के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई थी। लड़की की मां 18 अगस्त 2023 को दिल्ली महिला आयोग की सदस्य फिरदोस खान से मिलीं। उन्होंने बताया कि कई दिन बीत जाने के बावजूद उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और लड़की लगातार लापता है। वह बेहद सदमे में थी और हर दिन पुलिस स्टेशनों के चक्कर लगाने से शारीरिक रूप से थक गई थी लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं मिला। आयोग की सदस्य ने तुरंत 18 अगस्त 2023 को फ़तेहपुर बेरी थाने के एसएचओ को नोटिस जारी कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने संबंधित थानेदार से फोन पर बात भी की और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। इसके बाद दिल्ली पुलिस को लड़की के लखीमपुर खीरी में होने का पता चला और दिल्ली पुलिस की एक टीम तुरंत लड़की को बचाने के लिए वहां गई। मामले में आयोग के हस्तक्षेप के एक दिन बाद 19 अगस्त 2023 को लड़की को बचाया गया और दिल्ली लाया गया। लड़की ने बताया कि लगभग 30 साल का एक आदमी, जिससे वह ऑनलाइन मिली थी, उसने उसके स्कूल के पास से उसका अपहरण कर लिया था। उसने बताया कि आरोपी उसे पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर ले गया। उसने बताया कि आरोपी ने उसे अपने कई रिश्तेदारों के यहां रखा और आरोपी ने उसके साथ कई बार बलात्कार भी किया। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और सदस्य फिरदोस खान ने लड़की और उसके परिवार से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। आयोग अध्यक्ष ने उनकी पूरी सहायता करने और लड़की के पुनर्वास पर काम करने का आश्वासन दिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article