बड़नगर। बड़नगर मंडी से 15 लाख रुपए की सोयाबीन से भरा ट्रक चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने करीब 45 लाख रुपए का माल बरामद किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने नीमच, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और रतलाम तक लगातार पीछा किया।
पुलिस ने बदनावर क्षेत्र में वंडर सीमेंट फैक्ट्री के पास घेराबंदी कर सोयाबीन से भरे ट्रक सहित दो आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरजमल कुमावत (32) और तनिष्क कुमावत (19), दोनों निवासी चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बड़नगर निवासी नरेंद्र राठी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे अपने भाई अतुल राठी के साथ कृषि उपज मंडी बड़नगर में फर्म सतीशचंद्र गिरिशचंद्र के नाम से कारोबार करते हैं। 25 दिसंबर की रात करीब 280 क्विंटल सोयाबीन से भरा ट्रक मंडी परिसर स्थित गोदाम के सामने खड़ा था, जिसे नीमच की एक प्रोसेसिंग यूनिट भेजा जाना था। इसी दौरान देर रात ट्रक चोरी हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग जिलों में दबिश दी। आखिरकार बदनावर क्षेत्र में ट्रक को रोका गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 279 क्विंटल सोयाबीन, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपए है, और करीब 30 लाख रुपए मूल्य का ट्रक जब्त किया है। कुल मिलाकर 45 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।




