हाट बाजार की भीड़ में ज्वेलरी शॉप पर सशस्त्र लूट, 2 करोड़ से ज्यादा का माल ले उड़े बदमाश

Must read

खंडवा। जिले के पुनासा कस्बे में शुक्रवार शाम साप्ताहिक हाट बाजार और कालसन माता मेले की भीड़ का फायदा उठाकर हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। सोलंकी मार्केट स्थित कृष्णा ज्वैलर्स से बदमाश करीब 900 ग्राम सोना, 80 किलो चांदी और लगभग एक लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। व्यापारी के अनुसार, लूटी गई ज्वेलरी की कुल कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक है।

दुकान बंद करते वक्त किया हमला

कृष्णा ज्वैलर्स के संचालक राकेश सोनी रोज की तरह दुकान बंद कर ज्वैलरी को दो बैग में रखकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 7 बदमाश वहां पहुंचे और हमला कर दिया। जब व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी, पत्थर और धारदार हथियारों से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों के पास देसी कट्टा भी था। मारपीट के बाद दोनों बैग छीनकर आरोपी मौके से भाग निकले।

पीछा करने पर की फायरिंग

लूट के बाद बदमाश धाराजी रोड की तरफ भागे। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने गोली चला दी। फायरिंग की आवाज से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए दुकानों के शटर गिराकर अंदर छिप गए।

व्यापारी गंभीर घायल, अस्पताल रेफर

हमले में राकेश सोनी को सिर, पैर और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें सनावद अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अंदरूनी चोटें गंभीर हैं और फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अलर्ट, नाकाबंदी और सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनोज राय और ग्रामीण एएसपी राजेश रघुवंशी मौके पर पहुंचे। धाराजी रोड समेत आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है। गांवों और जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article