मंदसौर में दहेज केस की सुनवाई के बाद खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, VIDEO आया सामने

Must read

पीपलखूंटा (मंदसौर)। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में शनिवार शाम करीब 6 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब महिला की बुआ उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी आग लगाते हुए नजर आ रहा है।

पीड़िता ममता (35) ने बताया कि उसने नवंबर 2024 में पति राजूनाथ (40) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि पति 5 लाख रुपए की मांग कर रहा था। रकम नहीं मिलने पर आए दिन झगड़े और मारपीट होती थी। इसी मामले की 9 जनवरी को सीतामऊ कोर्ट में सुनवाई हुई थी। पेशी के बाद ममता अपनी बुआ कासूबाई (60) के घर पीपलखूंटा आ गई थी। वह करीब एक साल से पति से अलग रह रही थी।

शनिवार शाम कोर्ट से लौटने के बाद आरोपी पेट्रोल लेकर पीपलखूंटा पहुंचा। पहले उसने ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बुआ कासूबाई जब बचाने आईं, तो उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग बुझाई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक ममता का चेहरा, छाती और पेट करीब 35 फीसदी झुलस गया है, जबकि कासूबाई की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

ममता ने आरोप लगाया कि पति ने घटना से पहले बंदूक दिखाकर धमकाया था। उसने कहा कि वह इंसाफ चाहती है और उसे डर है कि आरोपी उसके माता-पिता को भी नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं, पीड़िता के पिता रामसिंह नाथ ने आरोप लगाया कि तीन महीने पहले सुवासरा थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article