दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में गुरुवार सुबह पुलिस और आदतन अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें जबलपुर नाका पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई आनंद अहिरवाल के हाथ में गोली लगी है। पुलिस फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दमोह पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कासिम कुरैशी कई मामलों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था| गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को उसके राजनगर में होने की सूचना मिली। मुखबिर ने बताया था कि कासिम के पास हथियार भी है। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर सरेंडर करने की चेतावनी दी। लेकिन कासिम ने एक के बाद एक दो गोलियां चलाईं। एक गोली एएसआई अहिरवाल के हाथ में लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग में उसे गिरफ्तार कर लिया| एएसआई आनंद अहिरवाल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज और आरोपी कासिम को सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कासिम कुरैशी पर 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गोकशी, विस्फोटक अधिनियम, लूट, डकैती और हत्या का प्रयास शामिल हैं। कासिम कोतवाली और देहात थाने के कुछ मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस और हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़, एएसआई को लगी गोली




