इंदौर। इंदौर शहर के पाश इलाके में एक सिरफिरे ने दो महिलाओं को स्कूल में बंधक बनाकर अश्लील हरकतें की। आरोपी महिलाओं के साथ दुष्कर्म करना चाहता था। रहवासियों ने महिलाओं की मदद की और आरोपित की पिटाई कर डाली। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी (जूनी इंदौर) देवेंद्रसिंह धुर्वे के मुताबिक घटना पलसीकर इलाके के स्कूल की है। स्कूल में एक कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। स्कूल संचालिका और एक शिक्षिका तैयारी में जुटी थी। दो दिन पूर्व सजावट के लिए मजदूर को बुलाया था। वह संचालिका और शिक्षिका के काम में हाथ बंटा रहा था। शाम को आरोपी की नीयत खराब हो गई गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी सजावट का काम चल रहा था। शाम करीब सवा पांच बजे आरोपी की नीयत खराब हुई और उसने छत पर दोनों (संचालिका और शिक्षिका) को बंधक बना लिया। उसने महिलाओं को छुआ और संबंध बनाने के लिए कहा। महिलाओं के साथ मारपीट भी की। करीब आधे घंटे तक वह परेशान करता रहा। जैसे-तैसे संचालिका चकमा देकर बाहर निकली और शोर कर लोगों को एकत्र किया। स्थानीय निवासियों ने आरोपित को पकड़ा पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही डायल-100, रावजी बाजार और जूनी इंदौर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी के मुताबिक आरोपी का नाम संदीप शर्मा है। मूलत: विदिशा निवासी संदीप को ठेकेदार बाबूलाल के माध्यम से बुलाया गया था। एसीपी ने बंधक बनाने की घटना का खंडन किया है। उनका दावा है कि आरोपित ने महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें की है। जान से मारने की धमकी देकर गलत तरीके से छुआ है। आरोपी को पुलिस के हवाले किया तो वह बेहोशी का बहाना करने लगा। लॉकअप में सो गया। शिक्षिका के पति ने बताया कि आरोपित संभवत: नशे में है। उसने पत्नी को ट्रैप किया था। वह मारपीट कर गलत हरकतें कर रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ा गया है। पूछतांछ जारी है।
दो महिलाओं को स्कूल में बंधक बनाकर करना चाहता है दुष्कर्म, गिरफ्तार




