भोपाल। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी और वर्तमान चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का 26वां मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे नए कानून के तहत इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और उनका कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक रहेगा। वे बुधवार को पदभार ग्रहण करेंगे, जबकि मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान, ज्ञानेश कुमार 20 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले चुनावों की निगरानी करेंगे, जिनकी शुरुआत बिहार से होगी और अंतिम चुनाव मिजोरम में संपन्न होगा। उनके साथ, 1989 बैच के आईएएस अधिकारी और हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू अपने पद पर बने रहेंगे। इन नियुक्तियों को 17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंजूरी दी गई, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी उपस्थित थे।
ज्ञानेश कुमार बने देश के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त




