चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 करोड़ की ड्रग के साथ पूरा परिवार गिरफ्तार

Must read

चिकलाना, रतलाम। जिले के चिकलाना क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। दिलावर खान के करीब 20 हजार स्क्वेयर फीट में फैले मकान से एमडी ड्रग बनाने का कारखाना पकड़ा गया, जहां चार अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए थे। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, ताकि हर आने-जाने वाले और गतिविधि पर नजर रखी जा सके। मकान की बनावट इस तरह की गई थी कि जरूरत पड़ने पर आरोपी आसानी से फरार हो सकें।

जांच में सामने आया है कि दिलावर खान की बेटी बखमीना, जो याकूब खान की पत्नी है, केमेस्ट्री की छात्रा रह चुकी है। पुलिस के अनुसार एमडी ड्रग बनाने के फार्मूले की मास्टरमाइंड वही थी। ड्रग निर्माण से लेकर पूरे अवैध कारोबार को संभालने में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही है। यह भी सामने आया है कि वह राजस्थान के देवलदी क्षेत्र में भी अपने पति के नेटवर्क को संभालती थी।

दिलावर का दामाद याकूब खान, जिसे गुजरात पुलिस का मोस्ट वांटेड फरार आरोपी बताया जा रहा है, लंबे समय से चिकलाना स्थित ससुराल में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे छापे के दौरान घर के अंदर से गिरफ्तार किया। पुलिस को जानकारी मिली है कि याकूब एक साल पहले गुजरात में दबिश के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो गया था।

दिलावर खान ने अपने मकान के बाहर दो अलग-अलग नेम प्लेट लगाई थीं। एक में वह खुद को सामाजिक संगठन का पदाधिकारी बताता था, जबकि दूसरी में खुद को पत्रकार बताया गया था। ग्रामीणों के अनुसार उसकी आपराधिक छवि और दबंगई के कारण कोई भी उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं कर पाता था। कार्रवाई के दौरान जब पुलिस परिवार के सदस्यों को हिरासत में ले रही थी, तब गांव में लोगों ने नारे लगाए और खुशी जाहिर की।

पुलिस ने गुरुवार रात करीब ढाई बजे मकान की दीवार पर सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान घर की महिलाओं ने विरोध किया और पुलिस के साथ झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। पुलिस के अनुसार छापे के वक्त घर के अंदर एमडी ड्रग बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने ड्रग पाउडर को लिक्विड में मिलाकर नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उस लिक्विड को भी जब्त कर लिया है।

मुख्य आरोपी दिलावर खान की उम्र करीब 65 साल है। उसने 2023 में जावरा विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। पुलिस जांच में उसकी दो शादियां सामने आई हैं। पहली पत्नी की उम्र लगभग 62 साल बताई जा रही है, जबकि दूसरी पत्नी की उम्र करीब 25 साल है, जिससे उसका एक साल का बेटा भी है। दोनों पत्नियों को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

छापे के दौरान दिलावर के घर से दो स्टार लगी पुलिस की वर्दी और इंडियन आर्मी रायफल से संबंधित एक आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह वर्दी और पहचान पत्र किसके हैं और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था।

तलाशी के दौरान घर में कई लग्जरी गाड़ियां भी मिलीं, जिनमें स्कॉर्पियो, XUV 700, दो जीप, गुजरात पासिंग बोलेरो और एक ट्रैक्टर शामिल हैं। स्कॉर्पियो और XUV 700 के अंदर से भी एमडी ड्रग बरामद हुई, जिसके बाद दोनों गाड़ियों को जब्त कर कालूखेड़ा थाने लाया गया।

पुलिस ने मौके से 10 किलो 930 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की है, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा एमडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और उपकरण, दो अवैध 12 बोर बंदूकें, 91 जिंदा कारतूस, दो मोर, पांच तीतर और चंदन की लकड़ी भी बरामद की गई है।

इस पूरे मामले में दिलावर खान, उसकी दोनों पत्नियां, बेटे, दामाद, भतीजा, नौकर और एक नाबालिग सहित कुल 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंदौर की टीम भी कालूखेड़ा थाना पहुंची और अधिकारियों से जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क, इसके अंतरराज्यीय कनेक्शन और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। गांव के लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से बना डर का माहौल अब टूटता नजर आ रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article