नोएडा। नोएडा में एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सेक्टर-145 स्थित डंपिंग यार्ड में बैग में बंद हाथ-पैर बंधे युवती का शनिवार शाम को शव मिला। युवती के चेहरे पर आग से जलने के निशान भी थे। पुलिस ने फील्ड यूनिट टीम बुलाकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है। पुलिस की चार टीम शव की शिनाख्त और आरोपितों की तलाश में जुटी हैं। नोएडा सेक्टर-145 में डंपिंग यार्ड है। यहां पर पूरे शहर का कूड़ा पड़ता है। शनिवार शाम को यार्ड में कूड़ा छांटकर अलग करने वाले लोगाें को एक बैग दिखा। जेसीबी चालक अजीत गुप्ता से उठवाने के दौरान बैग फट गया। उसमें से एकाएक हाथ व पैर बंधी एक युवती का अर्द्धनग्न शव मिला। युवती ने काला लोवर नुमा पेंट पहनी हुई थी। युवती के चेहरे पर जलाए जाने के निशान भी थे। यह देखकर सभी चौक गए। शव के बारे में सुपरवाइजर नीरज को बताया गया। जेसीबी चालक व सुपरवाइजर ने मामले की जानकारी सेक्टर-142 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट व फोरेसिंक टीम बुलाकर जांच की। टीम ने मौके से तथ्य जुटाए। थाना पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में फोटो समेत सूचना भेजकर जानकारी जुटा रही है। फेज दो में हमउम्र युवती के लापता होने से सूचना के आधार पर परिजनों से शव की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष शुक्ला ने बताया कि युवती की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच है। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को डंपिंग यार्ड तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का पटाक्षेप किया जाएगा।




