बाइक सवार बदमाशों का तांडव, चाकू और बोतलों से हमला, देर से पहुंची पुलिस पर भड़के लोग

Must read

सागर। कटरा बाजार से विजय टॉकीज रोड तक शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक पर सवार आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने खुलेआम उत्पात शुरू कर दिया। चेहरे ढके बदमाश हाथों में चाकू लेकर राह चलते लोगों और दुकानदारों को डराते रहे। इस दौरान एक युवक के सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी गई, जिससे वह घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश गाली-गलौज करते हुए सड़क पर दहशत फैला रहे थे। मारपीट के दौरान कई लोग जान बचाकर दुकानों में छिप गए। घायल युवक बाद में कोतवाली थाने पहुंचा और हमले की शिकायत दर्ज कराई।

उत्पात के दौरान बदमाशों ने विजय टॉकीज रोड पर माता मढ़िया के पास स्थित एक जनरल स्टोर में तोड़फोड़ की और दुकान संचालक से बदसलूकी की। इसके अलावा सड़क से गुजर रहे एक ऑटो चालक और कुछ बाइक सवारों के साथ भी मारपीट की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज रहवासियों ने विजय टॉकीज रोड पर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची, समझाइश दी और यातायात बहाल कराया।

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश चेहरे ढककर चाकू लहराते और दुकानों में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article