भोपाल। राज्य पुलिस सेवा के नौ अधिकारी इस वर्ष आईपीएस संवर्ग में पदोन्नत होंगे, सभी अधिकारी 1998 बैच के होंगे। पिछली डीपीसी (2024 की) में अमृत मीणा का मामला छानबीन समिति के पास लंबित होने के कारण रोक दिया गया था, उनका पद भी 2025 की डीपीसी में शामिल किया जा सकता है। वहीं, राज्य पुलिस सेवा से पदोन्नति आईपीएस अधिकारी के निधन के चलते एक पद रिक्त हुआ है। इस तरह कुल नौ पदों के लिए डीपीसी होनी है। मार्च अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में पदोन्नति के लिए प्रस्ताव संघ लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। निर्धारित नियमों के अनुसार नौ पदों के विरुद्ध विचारण क्षेत्र में 27 नाम (तीन गुना) सम्मिलित किए जाएंगे।इनमें 1998 बैच के अतिरिक्त 2000 बैच वाले शामिल होंगे। ग्रेडेशन लिस्ट के अनुसार दावेदारों में पहला नाम एआईजी प्रशिक्षण निमिषा पांडे का है। 1998 बैच बड़ा होने के कारण सभी के पदोन्नत होने में दो से तीन वर्ष लग जाएंगे। राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों का कहना है कि 2025 की डीपीसी उसी वर्ष हो जानी चाहिए थी, लेकिन इसमें शासन की ओर से देरी हो रही है।
एमपी पुलिस सेवा के 9 अधिकारियों के लिए आईपीएस का रास्ता साफ




