KYC अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से 1.37 लाख रुपये उड़ाए

Must read

नोएडा। नोएडा में साइबर ठगों ने फोन कॉल के जरिए एक युवक के बैंक खाते से 1.37 लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-49 थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई।

सेक्टर-49 स्थित हिंडन विहार सोसाइटी निवासी आशुतोष दुबे ने बताया कि 5 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक बैंक अधिकारी बताते हुए केवाईसी अपडेट कराने की बात कही। उसने आशुतोष को भरोसा दिलाया कि प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्हें दिए गए नंबर पर कॉल करना होगा।

जैसे ही आशुतोष ने बताए गए नंबर पर कॉल किया, कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर बैंक से जुड़े एसएमएस आने लगे। इसके बाद उनके बैंक खाते से बिना अनुमति के 1 लाख 37 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए।

पैसे कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-49 थाने में भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित का दावा है कि मोबाइल हैक कर ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगों ने तकनीकी तरीके से बैंक खाते की जानकारी हासिल कर रकम निकाल ली। वहीं आशुतोष का कहना है कि उन्होंने किसी को भी बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी नहीं दी थी, इसके बावजूद खाते से पैसे निकल गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ठगी की कोशिश होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को भी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर रकम रिकवर की जा सके।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article