नोएडा। एनसीआर में लूटपाट व चोरी के मामलों में सक्रिय तीन गिरोह के बदमाशों के बीच पुलिस से चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। वहीं पुलिस ने इस गिरोह में शामिल कई बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ थाना सेक्टर-113, 39 तथा 24 में हुई। पुलिस ने बदमाशों के पास से असलहा, चोरी की कार, बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया है। मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में 46 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राम बदन सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 113 पुलिस देर रात को जोडियक तिराहे के पास चैकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर गोली चलाते हुए भागने लगे। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली धीरज उर्फ धीरेंद्र परिहार उर्फ लंबू उर्फ कनपुरिया पुत्र अंगद निवासी जनपद हमीरपुर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसका एक साथी अंकुर गुप्ता पुत्र अशोक गुप्ता निवासी मंडावली दिल्ली मौके से भाग गया था। उन्होंने बताया कि कांबिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वे लोग लूटपाट और चोरी की वारदातें करते हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश धीरज के खिलाफ पूर्व में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न थानों में लूटपाट सहित विभिन्न धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं।




