ग्रेटर नोएडा। फार्च्युनर कार और 51 लाख रुपए अतिरिक्त दहेज के रूप में नहीं मिलने पर ससुरालवालों ने महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। प्रताड़ना से मानसिक तनाव में आई महिला का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर निवासी बाबू राम ने बेटी निशु की शादी छह दिसंबर 2024 को नोएडा के सेक्टर-39 अंतर्गत ग्राम अगाहपुर निवासी सिद्धार्थ के साथ की थी। बाबू राम ने शादी के समय दान दहेज के लिए तय सभी शर्ताें को पूरा करते हुए करीब 1.50 करोड़ रुपए खर्च किए थे। फिर भी ससुराल पहुंचते ही पति, सास व ससुर समेत अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के रूप में फार्च्युनर कार और 51 लाख रुपए की मांग पूरी करने लगे। मायके वालों ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इससे नाराज होकर ससुरालवाले निशु को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर घर से निकालने की धमकी देते। परेशान पीड़िता ने पिता को आपबीती बताई तो सामाजिक मान मर्यादा को देखते हुए उन्होंने बेटी को समझा बुझाकर शांत कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा, वहां पति आदि ने गलती मानी और समझौता कर लिया। बाद में फिर से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि मार्च में आरोपियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। मांग पूरी नहीं होने पर घर में घुसने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण मानसिक तनाव में आई पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने पति समेत अन्य से जानमाल को खतरे की आशंका जताई है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया आरोपित पति सिद्धार्थ, सास मंजू, ससुर सच्चे सिंह और जेठ तनुज बैसोया के खिलाफ दहेत प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहेज के चलते महिला को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत चार पर केस दर्ज




