नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के 24 घंटे के अंदर ही अंसल ग्रुप पर ताबड़तोड़ एक्शन शुरू हो गया है। सीएम योगी के निर्देश के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अंसल एपीआई के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार देर रात गोमतीनगर थाने में अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के मालिक सुशील अंसल और उनके बेटे प्रणव अंसल सहित कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। यह तहरीर एलडीए के अमीन अर्पित शर्मा ने दी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि अंसल कंपनी ने टाउनशिप के लिए निर्धारित भूमि से कहीं अधिक भूमि पर अवैध रूप से टाउनशिप का निर्माण किया। वहीं गाजियाबाद में भी अंसल ग्रुप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। आपको बता दें कि 3 मार्च को सीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी जिसमें अंसल ग्रुप की बॉयर्स के साथ धोखाधड़ी की शिकायतें मिली थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में इस मामले पर चर्चा करते हुए समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंसल कंपनी समाजवादी पार्टी की सरकार की उपज है और अब इसकी सजा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी यह नहीं समझे कि वह गरीबों का पैसा लेकर भाग जाएगा, हम उसे पाताल से भी निकाल लेंगे और सजा दिलाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी खरीदारों का पैसा वापस किया जाएगा।
अंसल ग्रुप पर ताबड़तोड़ एक्शन, सीएम योगी की सख्ती के बाद एफआईआर




