शेयर बाजार में निवेश के नाम पर इंजीनियर से ठगे 18 लाख

Must read

नोएडा। नोएडा में साइबर ठगों ने सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के निठारी गांव में रहने वाले इंजीनियर नर्मदेश्वर झा से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 18 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पीड़ित को 30 प्रतिशत तक मुनाफा होने का झांसा दिया। पीड़ित ने विश्वास कर 14 बार में रकम अपने और अपने दोस्त के बैंक खाते से ट्रांसफर कर दी। मुनाफे समेत रकम नहीं निकलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नोएडा सेक्टर-31 स्थित निठारी गांव के रहने वाले नर्मदेश्वर झा शेयर बाजार में भी रूचि रखते हैं। वह 16 दिसंबर 2025 को अनिल गोयल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आए थे। व्यक्ति ने शेयर बाजार की एक्सपर्ट बताया। खुद के निर्देशन में शेयर बाजार ग्रुप से जुड़कर रकम निवेश कर 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का दावा किया। व्यक्ति ने इंजीनियर के मोबाइल पर एप का लिंक भेजकर पंजीकरण कराया। इंजीनियर ने 16 दिसंबर को 50 हजार रुपये लगाए तो एक दो दिनों में ही साढ़े सात हजार रुपये का मुनाफा हुआ। रकम बैंक खाते में ट्रांसफर होने पर इंजीनियर काे विश्वास हो गया। फिर क्या था। जैसे-जैसे ठग कहते जाते। वैसे-वैसे इंजीनियर करता जाता। आठ जनवरी तक इंजीनियर ने 14 बार में अपने और अपने दोस्त के बैंक खाते से 18 लाख रुपये ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। एप पर 38 लाख रुपये से ज्यादा का पोर्टफोलियो दिखने लगा। इंजीनियर ने पूरी रकम को निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने कर व ट्रांसफर फीस के नाम पर और रकम मांगी। इंजीनियर को शक हो गया। रकम मांगने पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित ने परेशान होकर एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article