नोएडा। सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 37 स्थित आर्मी स्कूल के पास दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों की मौत के मामले में नेपाल मूल के युवक बसंत के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। स्वजन ने शुक्रवार को डीएम आवास पहुंच आरोपित कार चालक का पता नहीं चलने को लेकर नाराजगी जताई। जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोपित कार चालक व कार को पकड़ने पर ही पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़े हैं। स्वजन ने पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस दूसरे युवक का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप चुकी है। पुलिस कार और चालक की तलाश में जुटी है।बसंत के भाई धीरज ने बताया कि उनके भाई का हादसे से पहले सेक्टर 30 में पराठे वाली दुकान पर काली स्कार्पियो सवार चालक से झगड़ा हुआ था। बसंत ने अपने भाई व दोस्त को भी फोन किया था। धीरज का आरोप है कि कार चालक ने उनके भाई की बाइक में टक्कर मारकर हत्या की है। स्वजन ने हादसे के दौरान कार के आने जाने का वीडियो फुटेज भी पुलिस को दिया है। उन्होंने कार व चालक के पकड़ने पर ही पोस्टमार्टम कराने पर जोर दिया है। एडीसीपी नोएडा ने बताया कि जांच कराई जा रही है। कार व चालक की पहचान व तलाश में टीम लगी हैं।
बाइक सवार दोस्तों की मौत को परिवार ने बतायी हत्या, डीएम से की कड़ी कार्रवाई की मांग




