नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार काले रंग की स्कार्पियो ने सेक्टर-82 पुलिस चौकी कट के सामने दो ईकोवैन में टक्कर मार दी । हादसे में एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। स्वजनों की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ईको वैन और स्कार्पियो गाड़ी को सड़क से हटाकर कब्जे में ले लिया है। घायलों की हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस लिखित शिकायत मिलने पर आरोपित के खिलाफ कार्रवई की बात कह रही है। बदायूं के रिसौली गांव से शनिवार को एक परिवार दिल्ली के संगम विहार में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वैवाहिक समारोह संपन्न होने के बाद परिवार के 12 लोग अलग-अलग ईको वैन से बदायूं लौट रहे थे।रात ढाई बजे वे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-82 पुलिस चौकी कट के सामने पहुंचे। तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी फार्च्यूनर और ब्रेजा में टक्कराने के बाद आगे चल रही दो ईको वैन में जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कार्पियो पहले डिवाइडर से टकराई थी, उसके बाद ईको वैन में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वैन सड़क पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि स्कार्पियो कुछ दूर जाकर पलट गई। उसके अंदर दो लोग सवार थे। चालक बेहोश हो गया जबकि उसका साथी मामूली घायल हो गया। वहीं इको वैन में सवार कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान 55 साल की आशा देवी ने दम तोड़ दिया जबकि राजाराम 70 वर्ष, बेटा रवि 30 वर्ष, रीना 35 वर्ष और श्रीपाल 30 वर्ष का इलाज चल रहा है। इनमें श्रीपाल और रवि गंभीर हैं। दोनों के पैर में फ्रैक्चर और सिर में दस से अधिक टांके लगे हैं। एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि स्कार्पियो चालक भी गंभीर घायल होने से उसका आइसीयू में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा नशा करने की बात सामने आई है। मेडिकल होने पर इसकी आधिकारिक पुष्टि होगी। यातायात प्रभावित होने पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर वाहन चालकों को गंतव्य की ओर भेजा गया। पीड़ित परिवार के सदस्य योगेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सभी लोग अलग-अलग गाड़ियों में शादी से लौट रहे थे। सभी काफी खुश थे, लेकिन बीच रास्ते में भयंकर टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। उनका आरोप है कि स्कार्पियो चालक तेज रफ्तार में था। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव स्वजनों को साैंप दिया। शाम चार बजे स्वजन शव ले कर बदायूं चले गए।
बरातियों से भरी इको गाड़ियों को स्कॉपियों ने मारी टक्कर, महिला की मौत




