ग्रेटर नोएडा। सेक्टर 11 में रहने वाले एक कारोबारी से साइबर ठगों ने ट्रेडिंग ऐप के जरिए 2 करोड़ 90 लाख रुपए ऐंठ लिए। गत्ते के कार्टन बॉक्स फैक्ट्री के मालिक नितिन पांडे को फेसबुक पर एक महिला ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। कुछ ही दिनों में बातचीत बढ़ी और महिला ने शेयर ट्रेडिंग में 20 प्रतिशत तक मुनाफा होने का दावा किया। उसने एक ऐप डाउनलोड करवाया और निवेश के लिए प्रेरित किया।
नितिन ने शुरुआत में 50 हजार रुपए लगाए और ऐप पर मुनाफा दिखने लगा। भरोसा बढ़ने पर उन्होंने चार महीनों में 17 ट्रांजैक्शन के जरिए 2.90 करोड़ रुपए ठगों के खाते में भेज दिए। ऐप पर यह रकम बढ़कर करीब 7.90 करोड़ दिखाई जा रही थी। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनसे टैक्स के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा गया। रकम न दे पाने पर उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से हटा दिया गया और महिला ने सभी संपर्क ब्लॉक कर दिए।
पीड़ित ने बताया कि ठगों के झांसे में आकर उन्होंने रिश्तेदारों और परिवार से कर्ज लेकर भी पैसे दिए। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने पहले एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई और फिर साइबर थाने में केस कराया। पुलिस ने ट्रांजैक्शन में उपयोग हुए खातों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।




