नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पारदी गिरोह के कुख्यात बदमाश सूरज पारदी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पर उत्तर प्रदेश और पंजाब में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ नोएडा इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने मंगलवार को जानकारी दी कि सूरज को गाजियाबाद के लोनी सीमा से सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। कई राज्यों में था आपराधिक रिकॉर्ड सूरज पारदी के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2024 में गाजियाबाद एक आभूषण की दुकान का शटर काटकर लाखों के जेवरात चोरी करने में शामिल था। इस वारदात के बाद यूपी पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। 2024 में ही पंजाब फगवाड़ा में ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले में भी इसका नाम सामने आया था, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने भी 50 हजार का इनाम घोषित किया था। अधिकारियों के मुताबिक, पारदी गिरोह सुनियोजित तरीके से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। इससे पहले भी गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एसटीएफ की टीम सूरज से पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी मिल सके।




