नोएडा। साइबर क्राइम पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक के खाते में 1.70 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी से जुड़ी रकम ट्रांसफर हुई थी। इस मामले में तीन साइबर ठग पहले ही पकड़े जा चुके हैं।
16 सितंबर को दर्ज हुई शिकायत में बताया गया था कि ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़ित को वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया। उन्होंने कहा कि उसके मोबाइल का इस्तेमाल “नरेश गोयल स्कैम” में हुआ है। गिरफ्तारी का डर दिखाकर उससे 1.70 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने तुरंत बैंक खातों को फ्रीज कराया।
पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम उसके खाते में आती थी और वह अपने साथियों के साथ एटीएम के जरिए पैसा निकालता था। बदले में उसे 10% कमीशन मिलता था। उसने यह भी माना कि वह अपना बैंक खाता किराए पर दूसरों को देता था। एनसीआरपी पोर्टल पर उसके खाते से जुड़ी विभिन्न राज्यों की तीन शिकायतें दर्ज हैं। उसके खाते में एक लाख रुपए की ठगी की राशि आई थी।




