-पुलिसिया कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति, पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद फिर भी चोर गिरफ्त से बाहर
चुनार। मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसकी खास वजह क्षेत्र में मादक पदार्थों का सेवन करने वालों की बढ़ती हुई तादात भी कही जा सकती है। चोरों का हौसला इतना बुलंद है कि चुनार थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में एक ही घर में छह महीने में चार बार धावा बोल दिया। पूरे घर को तहसनहस कर दिया है और अब तक लाखों रूपए के माल पर हाथ साफ कर दिया है। फिर भी पुलिस चोरों के खिलाफ शिकंजा कसने के बजाय लकीर पीट रही है। हालांकि चोरों को पकड़ने के लिए लोगों ने सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया करा दिया है फिर भी पुलिसिया जांच आज भी कछुआ गति से चल रही है। क्षेत्राधिकारी मंजरी राव का कहना है कि टीमें गठित की गईं हैं और चोरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार चुनार के उस्मानपुर इलाके में इमरान खान और उनके भाई का परिवार रहता है। जिस घर में चोरी हुई उसके पास ही उनका दूसरा घर है। बीती रात को चोरी वाले घर में ताला लगाकर पास वाले मकान में सोने के लिए चले गए थे। सुबह देखा कि उनके घर का मेनगेट का ताला टूटा हुआ है। और घर के भीतर रखे सामान अस्त व्यस्त हैं। इसके साथ ही अलमारी, खिड़की आदि टूटी पड़ी है। इमरान ने फौरन इसकी सूचना क्षेत्र के हल्का इंचार्ज राजेश रमण राय को दी। उन्होंने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। अभी दो दिन पहले ही श्री राय ने इमरान और उनके भाई सरफराज को थाने में बुलाकर चोरी हुई पिछली वारदातों के बारे में बयान दर्ज किया था। उन्होंने पीड़ित को आश्वासन दिया था कि पुलिस इस तरह शिकंजा कस रही थी कि चोर कभी नजर नहीं आएंगे। चौथी बार चोरी बीती रात 19 नवंबर 2025 को हुई। पीड़ित ने बताया कि उनके घर में पहली चोरी की घटना 5 मई 2025 और इसके बाद 13 अक्टूबर 2025 को उनके घर में दो बार चोरों ने चोरी की वादात को अंजाम दिया। इसके बाद भी चोरों हौसले बुलंद होते गए वह रूके नहीं उन्होंने 19 नवंबर 2025 को इस घर में फिर चौथी बार चोरी को अंजाम दिया। इमरान ने पिछली चोरी की घटनाओं के संबंध में चुनार थाने में एक एफआईआर भी कराई जिसका नंबर 0492 कराई। इस दौरान इमरान ने चुनार थाने को सीसीटीवी फुटेज भी दिया और चोरों का हुलिया भी बताया बताया और इसकी सूचना 112 पर भी तीन बार दी।




