प्रयागराज। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ ही महाकुंभ का समापन हो जाएगा, और अब केवल छह दिन ही शेष हैं। यदि आप संगम में स्नान करने या कुंभ मेले का अनुभव लेने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां आपके लिए आवश्यक हो सकती हैं। अब तक इस महाकुंभ में 55 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ के बाद प्रशासन की सख्ती के कारण कई श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा को 5 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया था। अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम में स्नान करने प्रयागराज पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से वीकेंड और मुख्य स्नान पर्वों पर भारी भीड़ उमड़ रही है, जबकि आम दिनों में भी औसतन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु कुंभ मेले में पहुंच रहे हैं।




