पटना। मसौढ़ी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बालू से भरे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पास के पानी भरे गड्ढे (पइन) में गिर गए, जहां ट्रक ऊपर और ऑटो उसके नीचे दब गया। इस दुर्घटना में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन का सहारा लिया गया। यह दुर्घटना मसौढ़ी-नौबतपुर मार्ग के धनीचक मोड़ पर हुई। मसौढ़ी के SDO नव वैभव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।




