श्रीनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती और मुहिम को जारी रखते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कश्मीर ने एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रही महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस नोट में इस कार्रवाई की जानकारी दी गई। प्रेस नोट में कहा गया कि गिरफ्तार की गई तस्कर की पहचान तमन्ना अशरफ पुत्री मोहम्मद अशरफ, निवासी बटमालू श्रीनगर के रूप में हुई है। वह एफआईआर नंबर 10/2023 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित थी, जो एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जम्मू में दर्ज किया गया था। टास्क फोर्स ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला तस्कर पिछले तीन सालों से लगातार अलग-अलग राज्यों में छिपती फिर रही थी। जांच में सामने आया है कि तमन्ना अशरफ सात किलोग्राम से अधिक चरस की तस्करी में शामिल थी, जिसे कूरियर सेवाओं के माध्यम से मुंबई भेजा जा रहा था। इस संबंध में मामला दर्ज होने के बाद से ही वह कानून की पकड़ से दूर थी और लगातार ठिकाने बदल रही थी। हालांकि, एएनटीएफ जम्मू-कश्मीर की सतत निगरानी, मजबूत खुफिया सूचना और रणनीतिक योजना के चलते उसे गुरुवार को उसके ही निवास स्थान बटमालू, श्रीनगर से दबोच लिया गया। बेहद सतर्कता और गोपनीय तरीके से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, फरार महिला तस्कर गिरफ्तार




