नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के महासचिव निगम भंडारी की अग्रिम जमानत याचिका पर पटियाला हाउस कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है। अदालत अब इस मामले में शुक्रवार को फैसला सुनाएगी। निगम भंडारी ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। यह मामला एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन से संबंधित है। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि प्रदर्शन के कारण कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बाधित हुई और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की गई। वहीं, बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की आशंका और सहयोग करने की बात कहते हुए अग्रिम जमानत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले भी कुछ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
एआई समिट में प्रदर्शन मामले में निगम भंडारी की अग्रिम जमानत पर आदेश सुरक्षित, फैसला कल




