अभिनेत्री रान्या राव तस्करी करती पकड़ाई, बेल्ट में छिपा रखी थी सोने की छड़ें

Must read

बेंगलुरु। सैंडलवुड अभिनेत्री रान्या राव को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। रान्या दुबई से बेंगलुरु पहुंची थीं और उनके पास 14 किलोग्राम सोने की छड़ें मिलीं जो एक बेल्ट में छुपा कर रखी गई थीं। ये बेल्ट उनके शरीर से बंधी थी। इसके अलावा, उनके पास 800 ग्राम सोने के आभूषण भी मिले हैं। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच अधिकारियों को शह है कि वह बेंगलुरु हवाईअड्डे के जरिए सक्रिय रूप से संचालित एक सोने की तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं। फिल्मों में कर चुकी रान्या राव (32) आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की बेटी हैं, जोकि कर्नाटक में पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के डीजीपी हैं। अभिनेत्री ने कन्नड़ फिल्मों माणिक्य और पटाखी में काम किया है। इसके अलावा, वह तमिल फिल्म वागाह में विक्रम प्रभु के साथ नजर आई थीं। सूत्रों के हवाले से लिखा है कि रान्या की बार-बार की गई अंतरराष्ट्रीय यात्राओं ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। इस साल की शुरुआत से उन्होंने 10 से ज्यादा बार विदेश यात्राएं की हैं। एक अधिकारी ने बतायाकि डीआरआई को शक हुआ जब उन्होंने देखा कि रान्या लगातार छोटे-छोटे अंतराल में गल्फ देशों की यात्राएं कर रही हैं। इस कारण उन्हें ट्रैक किया गया। जब वह सोमवार को दुबई से एमिरेट्स की उड़ान से बेंगलुरु पहुंचीं, तो डीआरआई टीम ने उन्हें रोकने की योजना बनाई। जांच में पाया गया कि पिछले 15 दिनों में वह चार बार विदेश यात्रा कर चुकी थीं और हर बार एक जैसी वेशभूषा में थीं, जिसमें उनकी बेल्ट में छिपा रखी थी। डीआरआई को संदेह है कि रान्या हवाईअड्डे पर वरिष्ठ अधिकारियों के लिए निर्धारित विशेष प्रोटोकॉल का लाभ उठाकर आसानी से बाहर निकलती थीं। एक सूत्र ने बताया कि हवाईअड्डे पर एक प्रोटोकॉल अधिकारी उन्हें रिसीव करता था और बिना किसी परेशानी के एयरपोर्ट से बाहर निकालता था। उनके बैग की सामान्य जांच होती थी, लेकिन शारीरिक रूप से उन्हें नहीं रोका जाता था। यहां तक कि सरकारी वाहन उन्हें एयरपोर्ट से घर छोड़ने आता था, जिससे रास्ते में कोई परेशानी न हो। रान्या के पिता और वरिष्ठ अधिकारी डीजीपी के रामचंद्र राव ने अपनी बेटी के कामों से किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा कि चार महीने पहले रान्या ने जतिन हुकेरी से शादी की थी। तब से उसने हमसे संपर्क नहीं किया है। हम उसकी या उसके पति की गतिविधियों से अनजान थे। यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका और निराशा है। अगर उसने कानून तोड़ा है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए। गौरतलब है कि 2014 में जब रामचंद्र राव मैसूर रेंज के आईजीपी थे, तब मैसूर पुलिस पर एक केरल के जौहरी ने 2 करोड़ रुपए जब्त करने के बाद 1.8 करोड़ रुपए हड़पने का आरोप लगाया था। बाद में सीआईडी ने इस मामले की जांच की और राव के गनमैन को डकैती के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब देखना होगा कि डीआरआई की जांच में रान्या राव के खिलाफ और क्या-क्या खुलासे होते हैं और इस तस्करी नेटवर्क से कौन-कौन जुड़ा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article