शाहनगर। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के कचौरी मोड़ पर गुरुवार रात तेज रफ्तार आल्टो और स्विफ्ट कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत नाजुक होने पर उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक घायल का प्राथमिक उपचार शाहनगर में किया गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार लोग फंस गए। आवाज दूर तक सुनाई दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर शाहनगर थाना प्रभारी मनोज यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात बहाल हो सका। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




