रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। 9 मार्च को दुबई में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। रोहित अब तक टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को खिताबी जीत दिला चुके हैं, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। 2013 में यह खिताब भारत ने अपने नाम किया था, जबकि 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ हार मिली थी। अब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम को 12 साल बाद इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को फिर से जीतने का मौका मिलेगा।
रोहित की कप्तानी में भारत का आईसीसी टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 2 टी-20 वर्ल्ड कप, 1 वनडे वर्ल्ड कप, 1 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और 1 चैंपियंस ट्रॉफी में टीम का नेतृत्व किया है। इन पांच टूर्नामेंट में भारत ने कुल 30 मैच खेले, जिनमें से 26 में जीत हासिल की और सिर्फ 4 में हार मिली। हालांकि, इन 4 हार में से 3 मुकाबले नॉकआउट स्टेज के थे, जिनमें 2 बार टीम फाइनल में पराजित हुई। सिर्फ 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में टीम को एक ही टूर्नामेंट में दो बार हार झेलनी पड़ी थी, जब ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।




