भोपाल। मध्य प्रदेश के मरीजों को अब कैंसर और ट्रांसप्लांट जैसी जटिल चिकित्सा सेवाओं के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि राज्य में हेल्थ सेक्टर में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के दौरान प्रदेश में तीन प्रमुख कॉर्पोरेट अस्पतालों के निवेश को मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके तहत, दिल्ली का प्रतिष्ठित सर गंगाराम हॉस्पिटल भोपाल में एक मल्टी-स्पेशियलिटी सेंटर स्थापित करेगा, जहां लिवर, किडनी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, ग्वालियर में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल का नया सेंटर खुलने जा रहा है, जो कैंसर ट्रीटमेंट, हाई-टेक कार्डियक केयर और न्यूरो-कार्डियक सेवाओं पर विशेष ध्यान देगा। इसके अलावा, अदाणी ग्रुप भी भोपाल या इंदौर में एक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित करेगा, जहां उन्नत ट्रॉमा सेंटर की सुविधा प्रदान की जाएगी।
भोपाल-ग्वालियर के तीन निजी अस्पतालों में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं




