भोपाल। फरवरी के अंतिम दिनों में मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 21 फरवरी से अगले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे पहले, बुधवार को भोपाल सहित कई शहरों में बादल छाए रहे, जबकि इंदौर और उज्जैन में दिन के समय गर्मी महसूस की गई। मौसम में यह बदलाव दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई और अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 27.3 डिग्री, रायसेन में 29 डिग्री, नरसिंहपुर में 29.2 डिग्री और नौगांव में 28 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, कुछ शहरों में दिन के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट देखी गई, लेकिन रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई। मंगलवार और बुधवार की रात सिवनी और दमोह में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री, खंडवा और खरगोन में 18 डिग्री, जबकि नर्मदापुरम में 19 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्यप्रदेश में बदलेगा मौसम, तापमान में गिरावट की संभावना




