इंदौर। मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां भोपाल में जोरों पर हैं, जो 24 और 25 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इस समिट में देश-विदेश के निवेशक शामिल होंगे, जिनमें से कई इंदौर होते हुए भोपाल पहुंचेंगे। इंदौर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं, जहां भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक और मालवी पगड़ी पहनाकर उनका सत्कार किया जाएगा। मेहमानों का आगमन 23 फरवरी से शुरू हो जाएगा, और कुछ उद्योगपति महाकाल दर्शन के बाद सड़क मार्ग से भोपाल जाएंगे। एयरपोर्ट पर 24 फरवरी से छह हवाई जहाजों की पार्किंग के लिए स्थान आरक्षित किया गया है। वीआईपी लाउंज में मरम्मत और व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी की गई हैं, क्योंकि अधिकतर निवेशक यात्री विमानों से आ रहे हैं, इसलिए विशेष उड़ानों की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ी। करीब 20 उद्योगपति महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन भी करेंगे। भोपाल से बड़ी गाड़ियां मंगवाई गई हैं, क्योंकि अधिकांश निवेशक परिवार सहित आ रहे हैं। सुरक्षा कारणों से अगले तीन दिन तक इंदौर एयरपोर्ट पर विजिटिंग पास बंद रहेगा, और टर्मिनल के तीन अधिकारियों की ड्यूटी वीआईपी लाउंज में लगाई गई है। आमतौर पर लाउंज में चाय-बिस्किट की सुविधा रहती है, लेकिन समिट के दौरान मेहमानों के लिए नाश्ते की भी विशेष व्यवस्था होगी। वहीं, इंदौर यात्रा की यादों को संजोने के लिए एक सेल्फी पॉइंट बनाया गया है, जिसमें राजवाड़ा की प्रतिकृति स्थापित की गई है, ताकि उद्योगपति और मेहमान अपनी तस्वीरें लेकर इस यात्रा को यादगार बना सकें।
मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट: इंदौर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, महाकाल दर्शन के बाद भोपाल रवाना होंगे उद्योगपति!




