पथरोटा की बड़ी नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत

Must read

पथरोटा। इटारसी–पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रैसलपुर निवासी लकी पटेल (30) पिता भवानी शंकर पटेल, खीर पानी निवासी शिवम तिवारी (39) पिता महेश तिवारी और जय प्रकाश नगर, पुरानी इटारसी निवासी अभि चौहान (19) पिता राकेश चौहान के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इटारसी की ओर से आ रही ग्रे रंग की कार अचानक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में समा गई। SDRF की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार में सवार युवक बचने के लिए शीशे खोलने और बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। वे अंदर से चिल्लाते भी रहे, लेकिन कार लॉक हो गई और तीनों गहरे पानी में डूबते चले गए।

घटना के बाद लोगों ने कार को पानी में डूबते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर कार सवारों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका।

हालात को देखते हुए नर्मदापुरम से SDRF की टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के दरवाजे खोले गए तो अंदर तीनों युवक मृत हालत में मिले। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया।

SDRF कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार के शीशों पर कांच तोड़ने की कोशिश के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि युवक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके।

परिजनों के अनुसार तीनों युवक कार से सिवनी मालवा गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। मृतक शिवम तिवारी के पिता महेश ने बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था और हादसे की सूचना उन्हें सुबह करीब 6 बजे मिली, उस समय वे एक शादी समारोह में थे।

अभि चौहान के पिता राकेश चौहान ने बताया कि रात में बेटे से फोन पर बात हुई थी। अभि ने कहा था कि वह कार से लौट रहा है। मां ने उससे खाना खाने को लेकर पूछा था और उसने लकी को साथ लाने की बात भी कही थी। इसके बाद रात से उसका मोबाइल बंद हो गया और सुबह हादसे की खबर मिली। अभि परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है।

लकी पटेल के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि बड़े भाई की कुछ साल पहले नर्मदा नदी में डूबने से जान चली गई थी। परिवार में दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है और दूसरी अविवाहित है। लकी की मां फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा पर हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article