मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में नकली घी बनाने और बेचने वाले अहमदाबाद के दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ सौ लीटर नकली घी और उसे तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की गई है। दोनों आरोपी पिछले करीब तीन महीने से शहर में रहकर यह अवैध कारोबार चला रहे थे और ग्रामीण इलाकों में 200 रुपए किलो की दर से नकली घी बेच रहे थे।
सिटी कोतवाली और नई आबादी थाना पुलिस को फूड सेफ्टी और राजस्व विभाग के जरिए सूचना मिली थी कि सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के एक मकान में नकली घी बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना के बाद शनिवार और रविवार की दरमियानी रात प्रशासन, पुलिस और फूड सेफ्टी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पाया गया कि आरोपी डालडा और सोयाबीन तेल में केमिकल और आर्टिफिशियल देसी खुशबू मिलाकर उसे पकाकर नकली घी तैयार कर रहे थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची, उस समय भी फैक्ट्री में नकली घी बनाया जा रहा था। टीम ने वहां से करीब डेढ़ सौ लीटर नकली घी, सोयाबीन तेल, बर्तन और केमिकल जब्त किए, जिनका इस्तेमाल घी जैसी खुशबू और रंग पैदा करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से गोपाल और संजय पिता अशोक बागरी, निवासी अहमदाबाद, गुजरात को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों भाई रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नकली घी की सप्लाई करते थे और लोगों को सस्ते दाम में असली घी बताकर बेचते थे, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।
एसडीएम शिवलाल शाक्य ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में जब्त घी नकली पाया गया है और आगे की जांच जारी है। वहीं सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है और फूड सेफ्टी विभाग द्वारा सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




