इंदौर। 31 दिसंबर को लेकर इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने इस बार अलग और असरदार अंदाज में लोगों को सतर्क किया है। ट्रैफिक पुलिस ने एक चेतावनी पोस्टर जारी किया है, जिसमें साफ संदेश दिया गया है— “कोशिश करें, आप हमारे मेहमान न बनें।” यह पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नए साल की रात शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि शहर के बाहर भी जगह-जगह चेकिंग पॉइंट लगाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ इंदौर पुलिस भी फील्ड में तैनात रहेगी। खासतौर पर नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, लापरवाही और स्टंटबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, 31 दिसंबर को होटल, बार और पब में होने वाले जश्न के दौरान कई लोग शराब के नशे में गाड़ी चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी उस रात ड्यूटी पर रहेंगे। नशे में पकड़े जाने पर वाहन जब्त किए जाएंगे और चालकों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
जारी किए गए पोस्टर में लिखा है कि नशे में, तेज या लापरवाही से वाहन चलाने वाले “वाहन से आएंगे, लेकिन जाएंगे पैदल।” साथ ही संदेश दिया गया है कि जश्न अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ मनाएं, ताकि खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी खतरे में न पड़े।
ट्रैफिक पुलिस का साफ कहना है कि नए साल की शुरुआत खुशियों से हो, किसी हादसे या पछतावे के साथ नहीं।




