आलीराजपुर। जिले के अडवाड़ा के माफीदार फलिया में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों को कीटनाशक पिलाने के बाद खुद भी जहर निगल लिया। इस घटना में तीनों बच्चियों सावित्री (7), कार्तिका (5) और दिव्या (3) की मौत हो गई, जबकि मां नूरीबाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के समय महिला का पति मुकेश गुजरात में मजदूरी कर रहा था। परिजन सभी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दो अन्य बच्चियों की हालत बिगड़ने पर उन्हें गुजरात के दाहोद रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह आम्बुआ थाना प्रभारी मोहन डावर के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने पति-पत्नी के संबंध, किसी हालिया विवाद और अन्य संभावित कारणों को लेकर जानकारी जुटाई है।
परिजनों के अनुसार मुकेश और नूरीबाई की शादी 2016 में हुई थी। मुकेश करीब एक महीने पहले मजदूरी के लिए गुजरात गया था और वहां खेत किराए पर लिया हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।




