इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र में डॉक्टर के फ्लैट में हुई लाखों की चोरी अब एक सुनियोजित गिरोह की करतूत प्रतीत हो रही है, जहां 25 फरवरी की दोपहर मनोरमागंज स्थित आश्रय अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 का ताला तोड़कर तीन बदमाश अंदर घुसे और कुछ ही मिनटों में अलमारी व कीमती सामान खंगालकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि फ्लैट में कोई मौजूद नहीं है और घर की बनावट तथा सामान की जगह के बारे में भी उन्हें अंदाजा था। बदमाश आईफोन, सोने की चेन, झुमके, कान के गहने, ब्रेसलेट, लटकन, मोती का सेट, चूड़ियां, लक्ष्मीजी की सोने की प्रतिमा और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान लेकर निकल गए, जबकि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पीड़ित के पति डॉ. रंजन मुखर्जी ने घर के कैमरे अपने मोबाइल से जोड़े हुए थे और फुटेज में तीनों संदिग्धों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस टीम फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में बांक टाडा क्षेत्र तक पहुंची, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार चोरी का तरीका पेशेवर गिरोह की ओर संकेत करता है और आशंका जताई जा रही है कि इसमें महाराष्ट्र या खरगोन क्षेत्र के सक्रिय बदमाश शामिल हो सकते हैं। हालांकि चेहरे स्पष्ट होने के बावजूद पुलिस ने फुटेज सार्वजनिक नहीं किया है और अधिकारियों का कहना है कि पहले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी जरूरी है, ताकि वे सतर्क होकर फरार न हो सकें।
डॉक्टर के सूने फ्लैट में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, पेशेवर गिरोह पर शक




