धार। जिले के खलघाट टोल प्लाजा पर सोमवार को पांच जिलों के किसान राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे। किसानों ने सुबह से चक्काजाम की घोषणा की है, जिसको देखते हुए पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी और निगरानी बढ़ा दी गई है। मनावर एसडीएम ने टोल प्लाजा के दोनों तरफ 500 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश भी लगाए हैं।
आंदोलन से पहले शनिवार को किसान प्रतिनिधियों और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बीच भोपाल में बैठक हुई, लेकिन MSP, कर्ज मुक्ति और अन्य मांगों पर सहमति न बनने के कारण किसान आंदोलन पर अडिग रहे। किसानों ने आरोप लगाया कि कंपनियों की मिलीभगत से किसानों का शोषण हो रहा है और मक्का, सोयाबीन, कपास जैसी फसलें MSP पर नहीं खरीदी जा रहीं।
किसान गोमाता को राष्ट्र माता घोषित करने, भूमि अधिग्रहण पर उचित मुआवजा और MSP की कानूनी गारंटी जैसी मांगें भी उठा रहे हैं। संगठन ने किसानों से ट्रैक्टरों के साथ कंबल, कपड़े और अनाज लाने की अपील की है, क्योंकि आंदोलन लंबा चल सकता है।
निमाड़ के चार जिलों—धार, बड़वानी, खरगोन और खंडवा—के किसान इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होंगे। प्रशासन ने टोल की जगह हाईवे किनारे तैयार किए गए मैदान में आंदोलन करने का सुझाव दिया, जबकि किसान टोल प्लाजा पर ही कार्यक्रम करने पर अड़े हैं।
संभावित जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इंदौर से बड़वानी और महाराष्ट्र जाने वाले वाहनों को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। महेश्वर और धामनोद की ओर कई रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।




