जबलपुर। टेमर भीटा गांव में रविवार रात काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब ट्रॉली ऊंचे बिजली तारों से टकरा गई। करंट की चपेट में आने से ग्रामीण चिंटू विश्वकर्मा और अखिलेश पटेल की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक छा गया। बताया गया कि 80 साल पुराने खंभों पर झूल रहे तारों की ऊंचाई बेहद कम थी और ग्रामीणों की कई शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को कुल 5.50 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत, 20 घायल




