इंदौर। खंडवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर में अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हो गई है। स्पोर्ट्स ग्राउंड में पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही थी और अब तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों से उम्मीदवार पहुंचना शुरू हो गए हैं। यह रैली 5 दिसंबर तक चलेगी।
आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस महू और जिला प्रशासन मिलकर इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन कर रहे हैं। 20 नवंबर को पहले चरण में ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों के कार्ड बनाए गए और उन्हें प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इंदौर और उज्जैन संभाग के 15 जिलों के वे उम्मीदवार, जिन्होंने अग्निवीर की ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण की है, इस रैली में भाग ले सकेंगे। अनुमान है कि करीब 6,500 से अधिक युवा इसमें शामिल होंगे। कई कैंडिडेट्स शनिवार रात से ही मैदान पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
रोजगार उपसंचालक पी.एस. मंडलोई ने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए जिलेवार तिथियां तय की गई हैं। यहां उनका फिजिकल टेस्ट, दौड़, मेडिकल जांच और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है, उन्हें प्रवेश पत्र ईमेल कर दिए गए हैं। उन्हें रैली में प्रवेश पत्र के साथ मूल दस्तावेज और रंगीन फोटो लाना अनिवार्य होगा।




