इंदौर। शहर के भवानी नगर क्षेत्र में सोमवार शाम एक मकान गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए। घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों और नगर निगम की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला। घायल मजदूरों को इलाज के लिए अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर और पैर में चोटें बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। मलबे में दबे मजदूर सतीश ठाकरे (25) और सोनू ठाकरे (22) सगे भाई हैं और देवास जिले के पिपलिया गांव के निवासी हैं। दोनों इंदौर में मजदूरी का काम करते हैं। बताया गया कि मकान सड़क के स्तर से नीचे धंस गया था, जिसके कारण उसे जैक की मदद से ऊपर उठाने का काम किया जा रहा था। यह काम सुरेंद्र सिसोदिया को दिया गया था। इसी दौरान अचानक मकान की छत और पिलर गिर गए और वहां काम कर रहे दोनों मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। बाद में दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रखर सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर जांच के निर्देश दिए। सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने मकान को सील कर दिया है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल के आसपास यातायात को भी नियंत्रित किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में मकान गिरा, मलबे में दबे दो मजदूरों को रेस्क्यू कर निकाला




