इंदौर। महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक पुजारी का शव कार में मिला। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने कांच तोड़कर खोला। कार के भीतर से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। मृतक के सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर एमवाय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खजराना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सतीश शर्मा (36), पिता कैलाश शर्मा के रूप में हुई है। वह लसूड़िया मोरी स्थित एक मंदिर में पुजारी थे और परिवार के साथ रहते थे। सोमवार देर शाम वह पत्नी से पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
रात करीब 11 बजे रिश्तेदारों को सतीश का फोन आया, जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह उनकी कार महालक्ष्मी नगर के एक सुनसान इलाके में खड़ी मिली, जिसमें उनका शव पाया गया।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि सतीश शर्मा ने खुद को गोली मारी या किसी ने उन पर हमला किया। सतीश मूल रूप से अशोक नगर जिले के रहने वाले थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।




