भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से गुरुवार दोपहर मुंबई के लिए रवाना होने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-634 तकनीकी खामी के चलते उड़ान नहीं भर सकी। विमान के इंजन में खराबी पाए जाने के बाद सुरक्षा जांच के दौरान टेकऑफ की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। इस वजह से करीब 180 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से भोपाल आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-633 अपने तय समय 12:45 बजे से करीब 35 मिनट की देरी से एयरपोर्ट पर पहुंची थी। यही विमान आगे मुंबई के लिए एआई-634 के रूप में रवाना होने वाला था, लेकिन प्री-फ्लाइट टेक्निकल चेक के दौरान इंजन में गड़बड़ी सामने आ गई। सुरक्षा मानकों को देखते हुए एयरलाइन ने उड़ान निरस्त करने का फैसला लिया।
फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए। कुछ यात्रियों को इंडिगो की मुंबई जाने वाली उड़ान में शिफ्ट किया गया, जबकि कुछ ने टिकट कैंसिल कर रिफंड लेना उचित समझा। बाकी यात्रियों को एअर इंडिया की आने वाली अन्य उड़ानों से मुंबई भेजने की व्यवस्था की गई।
इधर, गुरुवार को मौसम के असर के चलते भोपाल एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों पर भी असर देखा गया। दिल्ली, रायपुर, अहमदाबाद और बेंगलुरु रूट की छह फ्लाइट्स 30 से 45 मिनट की देरी से संचालित हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में रही और यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।




