बैतूल। गंज थाना पुलिस ने व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह घटना 3 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब हाउसिंग बोर्ड गंज निवासी व्यापारी राहुल हिरानी पर शुभम उर्फ लाला साहू और उसके साथियों ने लोहे के पाइप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
इस मामले में मुख्य आरोपी शुभम उर्फ लाला साहू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी अजय डहेरिया (28) निवासी ग्रीन सिटी और राजेश पंवार (27) निवासी सांईखेड़ा को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
व्यापारी राहुल पर हुए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में काफी नाराजगी देखी गई थी।
इस गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक इरफान कुरैशी, प्रधान आरक्षक आशीष, मंतराम, सीताराम, नीलेश मीणा, आरक्षक गजानंद वाडिवा, नरेन्द्र, नवीन और सैनिक नितिन की अहम भूमिका रही।




