शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में वकील संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या करने वाले 3 शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर भी किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी है। यह कार्रवाई करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत (25), डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत (23) और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान (24) शामिल हैं। आरोपियों ने शनिवार को दिनदहाड़े अधिवक्ता संजय सक्सेना को गोली मार दी थी।
एसपी अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई थीं। रविवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी चिरली तिराहा के पास छिपे हुए हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पपेंद्र रावत ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, बाकी दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीन विवाद से जुड़े मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने जमीन विवाद और चुनावी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितने रुपये में दी गई और साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।




