रायसेन। जिले के बम्हौरी ढाबे के पास मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंदौर से रीवा जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। पीछे चल रहे ट्रक चालक ने बस के टायर में आग लगने का इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी। बाद में ट्रक को आगे लगाकर जबरन बस रुकवाई गई, तब जाकर यात्रियों को खतरे का अंदाजा हुआ।
घटना देर रात करीब 1.30 बजे की है। टायर फटने के बाद उसमें आग भड़की, जो देखते ही देखते पूरी बस में फैल गई। कुछ ही मिनटों में बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। डीजल सड़क पर फैलने से सड़क किनारे भी आग की लकीर बन गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार करीब 50 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। ढाबा संचालक बंटी खालसा, उनके कर्मचारियों और बस स्टाफ की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और टायर पूरी तरह जलने के बाद करीब 50 मीटर आगे जाकर रुकी।
हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। यात्रियों का सारा सामान बस के साथ जल गया। सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक बस पूरी तरह राख हो चुकी थी। यात्रियों को देर रात तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा, बस कंपनी की ओर से वैकल्पिक बस की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
बताया गया कि बस में इंदौर का एक परिवार भी सवार था, जो हाल ही में मांझे से गर्दन कटने से मृत रघुवीर धाकड़ की अस्थियां प्रयागराज ले जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




