दमोह। जिले के बनवार चौकी क्षेत्र में महादेव घाट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच बहनें और दो मासूम बच्चे (8 और 10 वर्ष के) शामिल हैं। यह परिवार जबलपुर के भीटा फुलर गांव का रहने वाला था और बांदकपुर से जागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहा था। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों ने दमोह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए पांच अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।




