भोपाल। मध्यप्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 16-17 मार्च को दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी, जबकि 18-19 मार्च को जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल, शहडोल और ग्वालियर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है, खासकर 19 मार्च को पूर्वी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। फिलहाल, प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, और रातें भी गर्म बनी हुई हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बदलते मौसम का असर दिखा है। मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है, जिसके चलते झाबुआ, रतलाम, भिंड, मुरैना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। यह सिस्टम जल्द ही कमजोर पड़ जाएगा, जिससे तापमान में हल्की गिरावट होगी, लेकिन 18-19 मार्च को नया सिस्टम सक्रिय होकर बारिश ला सकता है। मौसम विभाग ने कई शहरों में इस दौरान मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।
“मध्यप्रदेश में गर्मी के बीच बारिश के आसार, तापमान में गिरावट”




